इस साल देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। अब तक सामान्य से 15% अधिक बारिश हो चुकी है। जहां औसतन 221.6 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, वहां 254 मिमी बारिश दर्ज की गई है। यह इजाफा कई राज्यों के लिए राहत कम और मुसीबत ज्यादा बनकर आया है।
मध्यप्रदेश में कई जिलों में बाढ़
मध्यप्रदेश के बालाघाट, मंडला, सिवनी, कटनी और इटारसी जैसे जिलों में भारी बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। अनूपपुर में पुल टूटने से एक कार बह गई, जिसमें सवार पति-पत्नी और उनके दो बच्चों की मौत हो गई। सोमवार को प्रदेश के 30 से ज्यादा जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहा, वहीं मंगलवार को 7 जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट है। नर्मदा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।
हिमाचल में बादल फटने से तबाही
हिमाचल प्रदेश में पिछले छह दिनों की मूसलधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। 14 लोगों की मौत, 28 लापता और करीब 600 करोड़ रुपये की संपत्ति का नुकसान हो चुका है। दो हफ्तों में 22 बादल फटने की घटनाएं सामने आई हैं। हालांकि बीते 48 घंटों में मौसम ने राहत दी है, पर डर अब भी बना हुआ है।
उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ भी प्रभावित
उत्तराखंड के पीपलकोटी क्षेत्र में बद्रीनाथ हाईवे पर भूस्खलन से रास्ता बंद हो गया है। देहरादून में कई घरों में पानी घुस गया। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पिछले तीन दिनों से बारिश लगातार हो रही है, जिससे शहर के कई इलाके पानी में डूब गए हैं।
राजस्थान-हरियाणा में अलर्ट जारी
राजस्थान के 20 से अधिक जिलों में बारिश हो रही है। झुंझुनूं में बाघोली नदी के उफान से NH-52 को जोड़ने वाली सड़क बह गई, जबकि दौसा में दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई। प्रदेश में अब तक सामान्य से 128% ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। वहीं हरियाणा में यमुनानगर में ऑरेंज अलर्ट, और 21 जिलों में यलो अलर्ट जारी है। यहां अब तक सामान्य से 37% ज्यादा बारिश हो चुकी है।
ट्रैफिक जाम और अव्यवस्था
सोमवार को भोपाल में रुक-रुककर होती तेज बारिश ने शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को प्रभावित किया। एमपी नगर से नर्मदापुरम रोड तक करीब 3 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
राजस्थान में भारी बारिश का अलर्ट
जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार से राजस्थान में भारी बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है। 6 जिलों में ऑरेंज और 24 जिलों में यलो अलर्ट जारी कर दिया गया है। राज्य के प्रमुख डैम और बरसाती नदियों में पानी का स्तर तेजी से बढ़ रहा है।

