Sunday, July 19, 2026
spot_img
Homeटॉप न्यूजमानसून ने पकड़ी रफ्तार, गुजरात से होते हुए यूपी-बिहार तक पहुंचा; कई...

मानसून ने पकड़ी रफ्तार, गुजरात से होते हुए यूपी-बिहार तक पहुंचा; कई राज्यों में रेड-ऑरेंज अलर्ट

गुजरात और छत्तीसगढ़ में 20 दिनों से रुका पड़ा मानसून अब रफ्तार पकड़ चुका है। मंगलवार को बिहार और झारखंड तक मानसून ने दस्तक दी। मौसम विभाग ने बुधवार को यूपी, राजस्थान, ओडिशा, झारखंड समेत 13 राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट और कुछ हिस्सों में रेड अलर्ट जारी किया है। आने वाले 48 घंटे कई राज्यों के लिए अहम माने जा रहे हैं।

गुजरात में बाढ़ जैसे हालात

राज्य में सोमवार से लगातार हो रही भारी बारिश ने बोटाद जिले को सबसे ज्यादा प्रभावित किया। यहां बाढ़ जैसे हालात बनने पर 40 लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। भावनगर में एक कार नदी में बह गई, जिसमें सवार पांच लोग अब तक लापता हैं। मौसम विभाग ने सौराष्ट्र और कच्छ के लिए बुधवार को भारी बारिश की चेतावनी दी है।

राजस्थान की सीमा पर पहुंचा मानसून

अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से उठे लो-प्रेशर सिस्टम ने राजस्थान की सीमा तक मानसून को पहुंचा दिया है। आज यानी बुधवार को इसके राजस्थान में एंट्री लेने की संभावना है। राज्य के 28 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। गुजरात से सटे जिलों में भी अगले 24 घंटे में भारी बारिश हो सकती है।

बिहार-झारखंड में मानसून ने पकड़ी रफ्तार

मंगलवार को बिहार और झारखंड में मानसून की एंट्री हुई। राज्य के पूर्वी हिस्सों से शुरू हुआ सिस्टम अब 20% क्षेत्र को पार कर सुपौल तक पहुंच गया है। अगले 48 घंटे में यह पूरे बिहार को कवर करेगा। वहीं झारखंड में भी तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने यहां रेड अलर्ट जारी किया है।

यूपी में आज से मानसून की एंट्री संभव

वाराणसी और सहारनपुर में बुधवार सुबह से हो रही बारिश के साथ संकेत हैं कि आज मानसून यूपी में दाखिल हो सकता है। राज्य के 13 जिलों में भारी बारिश और 22 जिलों में बिजली गिरने का अलर्ट है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून पहले दाखिल होगा, इसके बाद अगले दो दिन में पश्चिमी हिस्से भी इसकी चपेट में आएंगे।

मध्यप्रदेश में 19 जिलों में पहुंचा मानसून

एमपी में मानसून ने तेजी से दस्तक दी है। इंदौर समेत 19 जिलों में मानसून की एंट्री हो चुकी है। अगले 24 घंटे में भोपाल, उज्जैन और जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों में भी इसका असर देखने को मिलेगा। पूर्वी मध्य प्रदेश में आज ऑरेंज अलर्ट है, भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

हरियाणा-पंजाब में राहत की बारिश

हरियाणा के कई जिलों में मंगलवार से बारिश का दौर शुरू हो चुका है, जो 19 जून तक जारी रहेगा। खासकर उत्तर-पूर्वी जिलों में 50% तक बारिश की संभावना है। पंजाब में तापमान में औसतन 3.9 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। हिमाचल से सटे इलाकों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश दर्ज की गई।

हिमाचल में इंतजार अब भी बाकी

हालांकि पहाड़ों पर मानसून की दस्तक अभी नहीं हुई है। मौसम केंद्र शिमला ने 21 और 22 जून के लिए शिमला, मंडी और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। लेकिन इस बीच तीन-चार दिन मानसून की एंट्री के आसार नहीं दिख रहे हैं।

अगले दो दिन का मौसम अलर्ट

19 जून:

झारखंड, असम, मेघालय – रेड अलर्ट

यूपी, बिहार, ओडिशा, एमपी, छत्तीसगढ़, कोंकण, नगालैंड, त्रिपुरा – ऑरेंज अलर्ट

सौराष्ट्र-कच्छ, कर्नाटक, केरल – भारी बारिश की चेतावनी

20 जून:

दिल्ली, गुजरात, हिमाचल, उत्तराखंड, हरियाणा – भारी बारिश का अनुमान

यूपी, बिहार, एमपी, असम, मिजोरम, मणिपुर, अरुणाचल – ऑरेंज अलर्ट

अन्य खबरें