Sunday, October 25, 2026
spot_img
Homeटॉप न्यूज67वें जन्मदिन पर उत्तराखंड आएंगी राष्ट्रपति मुर्मु, ऐतिहासिक ‘राष्ट्रपति निकेतन’ का करेंगी...

67वें जन्मदिन पर उत्तराखंड आएंगी राष्ट्रपति मुर्मु, ऐतिहासिक ‘राष्ट्रपति निकेतन’ का करेंगी निरीक्षण, 24 से आम लोगों के लिए खुलेगा

20 जून को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अपने 67वें जन्मदिन पर देहरादून पहुंचेंगी। इस खास अवसर पर वह ऐतिहासिक ‘राष्ट्रपति निकेतन’ का निरीक्षण करेंगी, जिसे आम जनता के लिए खोलने की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। 24 जून से यह आम लोगों के लिए आधिकारिक रूप से खोल दिया जाएगा।

21 एकड़ में फैले इस राष्ट्रपति विश्रामगृह को पहले ‘राष्ट्रपति आशियाना’ के नाम से जाना जाता था। अब इसे विरासत स्थल के रूप में विकसित किया गया है, जहां आम नागरिक राष्ट्रपति भवन की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को नजदीक से देख सकेंगे।

विरासत से जुड़ने की पहल

एक समय था जब यह भवन राष्ट्रपति अंगरक्षक की घुड़सवारी प्रशिक्षण इकाई के रूप में कार्यरत था। अब इसे एक आकर्षक विरासत संग्रहालय में रूपांतरित किया गया है, जहां शिल्प, चित्रकला और ऐतिहासिक दस्तावेजों की प्रदर्शनी लगेगी। परिसर में मौजूद लिली तालाब, रॉकरी पॉन्ड, रोज गार्डन और राष्ट्रपति अंगरक्षक के अस्तबल भी दर्शकों के लिए खोल दिए जाएंगे।

‘राष्ट्रपति उद्यान’ की आधारशिला भी रखेंगी

राष्ट्रपति मुर्मु के दौरे का एक और अहम पहलू होगा ‘राष्ट्रपति उद्यान’ परियोजना की आधारशिला रखना। यह 132 एकड़ में विकसित किया जाने वाला इकोलॉजिकल पार्क होगा, जिसमें थीमैटिक गार्डन, तितली उद्यान, पक्षी विहार, झील, बच्चों के लिए खेल क्षेत्र, आउटडोर क्लासरूम जैसी संरचनाएं शामिल होंगी।

यह पहल केवल प्रकृति को संरक्षित करने तक सीमित नहीं, बल्कि इसे एक ‘लिविंग क्लासरूम’ के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां पर्यावरण शिक्षा, पारिस्थितिक संतुलन और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा दिया जा सकेगा।

‘राष्ट्रपति तपोवन’ भी आम जनता के लिए खुला

राष्ट्रपति निकेतन के पास ही स्थित ‘राष्ट्रपति तपोवन’ 19 एकड़ में फैला एक घना जंगल क्षेत्र भी जनता के लिए खोला जाएगा। राजपुर रोड पर स्थित इस स्थल पर पेड़ों की छांव में लकड़ी के पुल, पक्षी देखने के लिए मचान और ध्यान-चिंतन के स्थान बनाए गए हैं।

यह इलाका विशेष रूप से उन लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा जो शहर की भागदौड़ से दूर प्रकृति के साथ समय बिताना चाहते हैं।

राष्ट्रपति भवन से लोगों को जोड़ने की पहल

पिछले वर्ष से राष्ट्रपति भवन दिल्ली, हैदराबाद स्थित राष्ट्रपति निलयम और माशोबरा (शिमला) के राष्ट्रपति निवास सप्ताह में छह दिन जनता के लिए खोले जा चुके हैं। फरवरी से दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन के फोरकोर्ट में ‘चेंज ऑफ गार्ड’ समारोह भी नए स्वरूप में शुरू हुआ है।

यह पूरी श्रृंखला राष्ट्रपति मुर्मु की उस व्यापक सोच को दर्शाती है, जिसमें देश की सांस्कृतिक विरासत, पर्यावरणीय चेतना और जनता के बीच एक जीवंत संबंध स्थापित करने की कोशिश दिखाई देती है न केवल औपचारिकता के स्तर पर, बल्कि जनभागीदारी की भावना के साथ।

अन्य खबरें