सोनीपत पुलिस ने अशोका यूनिवर्सिटी के एसोसिएट प्रोफेसर अली खान महमूदाबाद को शनिवार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। उन पर आरोप है कि उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ तथा प्रेस ब्रीफिंग देने वाली कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह के बारे में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर सेना की महिला अधिकारियों का अपमान किया।
महिला आयोग के समन पर भी पेश नहीं हुए
12 मई को हरियाणा राज्य महिला आयोग ने स्वत: संज्ञान लेते हुए प्रोफेसर को 14 मई को व्यक्तिगत रूप से तलब किया, मगर वे उपस्थित नहीं हुए। आयोग अध्यक्ष रेणु भाटिया स्वयं 15 मई को यूनिवर्सिटी पहुंची, लेकिन सुरक्षा प्रोटोकॉल व पुलिस सहयोग न मिलने पर नाराज़गी जताई और FIR की बात कही।
सुरक्षा चूक पर कमिश्नर बदलीं
भाटिया की शिकायत के बाद राज्य सरकार ने त्वरित कदम उठाते हुए सोनीपत महिला पुलिस कमिश्नर नाजनीन भसीन को हटाकर ADGP ममता सिंह को अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया हालाकि पुलिस विभाग इसे “रूटीन तबादला” बता रहा है।
ऑपरेशन सिंदूर पर विवादास्पद टिप्पणियां
7 मई को पाकिस्तान‑विरोधी ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की घोषणा के बाद प्रोफेसर अली खान ने सार्वजनिक मंचों पर किये पोस्ट में सांप्रदायिक रंग देते हुए महिला सैन्य अफसरों पर व्यक्तिगत कटाक्ष किए। सोशल मीडिया पर भारी आलोचना के बाद विश्वविद्यालय ने भी मामले की आंतरिक जांच शुरू करने की बात कही है।

