Tuesday, July 21, 2026
spot_img
Homeराजस्थानराजस्थान में कोरोना की वापसी: जयपुर में सबसे ज्यादा केस, केंद्र ने...

राजस्थान में कोरोना की वापसी: जयपुर में सबसे ज्यादा केस, केंद्र ने अस्पतालों की तैयारियों की मांगी रिपोर्ट

राजस्थान में कोरोना वायरस एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है। पिछले 24 घंटे में राज्य में 15 नए कोविड केस सामने आए हैं, जिनमें से 7 सिर्फ जयपुर से रिपोर्ट हुए हैं। जयपुर के सवाई मानसिंह और आरयूएचएस अस्पताल में एक-एक मरीज मिला, जबकि 5 केस निजी डायग्नोस्टिक सेंटर पर पाए गए। बीकानेर में 3, उदयपुर में 2, जोधपुर में 1 और दो अन्य जिलों से केस मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में इस साल अब तक कुल 69 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं।

केंद्र की एडवाइजरी: तैयार रहें अस्पताल

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों को अलर्ट करते हुए 2 जून तक सभी जिला, उप-जिला अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और स्वास्थ्य संस्थानों में बेड, ऑक्सीजन, वेंटिलेटर, ICU, दवाइयों और PPE किट की उपलब्धता की रिपोर्ट मांगी है। इसके साथ ही कोविड के संभावित केसों के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश भी दिए हैं।

ओमिक्रॉन के सब-वैरिएंट से संक्रमण

मंत्रालय ने जानकारी दी कि कोविड केसों में यह बढ़ोतरी ओमिक्रॉन के नए सब-वैरिएंट JN.1, XFG और LF.7.9 के चलते हो रही है। संक्रमितों में आमतौर पर बुखार, खांसी और गले में खराश जैसे हल्के लक्षण देखे जा रहे हैं।

1621 सक्रिय केस, 6 राज्य सबसे प्रभावित

28 मई तक देश में कुल 1621 कोविड के सक्रिय मरीज हैं, जिनमें से 90% केस केवल छह राज्यों – केरल, महाराष्ट्र, दिल्ली, गुजरात, तमिलनाडु और कर्नाटक से हैं। केंद्र ने गंभीर श्वसन संक्रमण (SARI) और इन्फ्लुएंजा जैसे लक्षणों वाले मरीजों के सैंपल की जांच और पॉजिटिव केसों की जीनोम सीक्वेंसिंग के निर्देश दिए हैं। साथ ही लोगों को मास्क पहनने, भीड़ से बचने, बुजुर्गों को सतर्क रखने और साफ-सफाई जैसे बुनियादी उपाय अपनाने के लिए जागरूक करने की बात कही गई है।

अन्य खबरें