Monday, October 26, 2026
spot_img
Homeराजस्थानबारिश और आंधी का दो दिन अलर्ट, बाड़मेर में 30 मिमी बारिश,...

बारिश और आंधी का दो दिन अलर्ट, बाड़मेर में 30 मिमी बारिश, तापमान कई शहरों में 40 डिग्री से नीचे

जयपुर मौसम केंद्र ने 31 मई को राजस्थान के 7 जिलों के लिए आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि 1 जून को यह चेतावनी बढ़ाकर 17 जिलों तक कर दी गई है। मौसम विभाग के मुताबिक 2 जून से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय हो रहा है, जो पूरे राजस्थान के मौसम को फिर से प्रभावित करेगा।

बारिश के बाद गिरा तापमान

बीते 24 घंटे में बारिश और तेज हवाओं के चलते कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। जयपुर, अजमेर, टोंक सहित कई इलाकों में मौसम सुहावना हो गया। शुक्रवार को दौसा, चूरू, पाली और चित्तौड़गढ़ जैसे शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।

आनासागर झील के गेट खोले गए

अजमेर में सुबह आनासागर झील के तीन गेट 3-3 इंच खोले गए। वहीं, बाड़मेर में बीते 24 घंटों में 30 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो मई महीने में पिछले 6 सालों में एक दिन में सबसे अधिक बारिश का रिकॉर्ड बन गया है।

जैसलमेर सबसे गर्म, कई जिलों में राहत

राज्य में सबसे अधिक तापमान जैसलमेर में 43.6 डिग्री दर्ज हुआ। इसके अलावा गंगानगर (42.4°C), बीकानेर (42.2°C) और कोटा (41.8°C) में भी गर्मी बनी रही। दूसरी ओर जयपुर, अजमेर, अलवर, डूंगरपुर, और सिरोही जैसे कई जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे दर्ज हुआ।

 यहां भी रहा तापमान सामान्य से कम

भीलवाड़ा में 39.3 डिग्री, अलवर में 35.5 डिग्री, सीकर में 36.5 डिग्री और उदयपुर में 36 डिग्री तापमान रहा। सिरोही राज्य में सबसे ठंडा रहा जहां अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजस्थान में मौसम की यह हलचल अगले दो दिन और बनी रहेगी, जिससे आम जनजीवन पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।

अन्य खबरें