राजस्थान में इस मानसून सीजन ने सभी रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए हैं। राज्य में अब तक सामान्य से 126% अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी है। मौसम विभाग ने चेताया है कि यह सिलसिला अभी थमने वाला नहीं है, क्योंकि मंगलवार से फिर से भारी बारिश का दौर शुरू हो सकता है। विभाग ने राज्य के 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 24 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।
माउंट आबू में मौसम रहा सुहावना
सोमवार को प्रदेश में कई जगहों पर मेघगर्जन के साथ बारिश हुई। तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखा गया। जहां श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं माउंट आबू सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस मापा गया।
विभिन्न जिलों का न्यूनतम तापमान
सोमवार को अजमेर में 24.3, अलवर में 25.0, जयपुर में 24.1, सीकर में 21.0, कोटा में 26.6, चित्तौड़गढ़ में 25.2, जोधपुर में 26.0, जैसलमेर में 28.3 और श्रीगंगानगर में 28.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
लो-प्रेशर सिस्टम से बिगड़ सकता है मौसम
जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, वर्तमान में पश्चिम बंगाल क्षेत्र के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र (लो-प्रेशर सिस्टम) बना हुआ है, जो धीरे-धीरे पश्चिम और उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा। इसका असर अगले 4–5 दिन पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों पर दिखेगा। भरतपुर, जयपुर और कोटा संभाग में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है।
9 जुलाई को कोटा में अति भारी वर्षा संभव
मौसम विभाग के अनुसार, कोटा और उदयपुर संभाग में 8 से 10 जुलाई के बीच भारी से अति भारी वर्षा हो सकती है। विशेषकर 9 जुलाई को कोटा में अति भारी बारिश की चेतावनी है। दूसरी ओर, पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर संभाग में बारिश की तीव्रता कम रहने की उम्मीद है, जबकि बीकानेर संभाग में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।

