अजमेर में सोमवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब रेलवे के जॉन्सगंज स्थित कैरिज कारखाने में एक एसी कोच में अचानक आग लग गई। रात करीब 9 बजे मेंटेनेंस कार्य के दौरान वेल्डिंग के वक्त चिंगारी एसी कोच के अंदर पहुंची और कुछ ही सेकंड में आग ने विकराल रूप ले लिया।
कर्मचारियों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
कोच में उठती लपटें देखकर मौके पर मौजूद कर्मचारियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हालांकि, तुरंत सतर्कता दिखाते हुए कर्मचारियों ने अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग पर काबू पाया और बड़ी तबाही होने से बचा लिया।
रेलवे अफसरों को दी गई सूचना
आग लगने की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने हालात की समीक्षा की और प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण वेल्डिंग से उठी चिंगारी को बताया। हालांकि, किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

