राजस्थान में गर्मी ने अपने विकराल रूप में दस्तक दे दी है। श्रीगंगानगर का तापमान 47.2 डिग्री तक पहुंच गया है, जो इस सीजन का सर्वाधिक दर्ज किया गया तापमान है। बीकानेर में 46.2, चूरू में 46, जयपुर में 42.8 डिग्री तो पिलानी में 47.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, सिरोही में न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री रहा।
बीकानेर और शेखावाटी में हीटवेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने बीकानेर और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ भागों के लिए हीटवेव की चेतावनी जारी की है। अगले 48 घंटों में तापमान में 1 से 2 डिग्री तक की और बढ़ोतरी का अनुमान है, जिससे अधिकतम तापमान 48 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है।
कोटा-उदयपुर संभाग में हल्की बारिश की उम्मीद
गर्मी के इस दौर में कुछ इलाकों के लिए राहत की खबर भी है। कोटा और उदयपुर संभाग में अगले 4–5 दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। जयपुर, भरतपुर और अजमेर संभाग में 24 से 26 मई के बीच कहीं-कहीं बादल छाने और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
प्रदेश के तापमान में व्यापक असमानता, माउंट आबू में राहत
राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में तापमान का स्तर भिन्न है। माउंट आबू में जहां पारा 31.4 डिग्री पर है, वहीं अलवर में 45, कोटा में 45.8 और जैसलमेर में 45.4 डिग्री तक तापमान रिकॉर्ड किया गया है। चित्तौड़गढ़, बाड़मेर, नागौर सहित कई शहरों में तापमान 43 से 46 डिग्री के बीच है।
नौतपा 25 मई से, लू से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि 25 मई से ‘नौतपा’ की शुरुआत होगी, जो आमतौर पर साल की सबसे तपती अवधि मानी जाती है। इस दौरान गर्मी और लू का प्रभाव और अधिक तीव्र हो सकता है। विभाग ने बुजुर्गों, छोटे बच्चों और बीमार व्यक्तियों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

