गुरूवार, जून 4, 2026
spot_img
होमराज्यPWD मंत्री रणबीर गंगवा की पायलट गाड़ी हादसे का शिकार, SI समेत...

PWD मंत्री रणबीर गंगवा की पायलट गाड़ी हादसे का शिकार, SI समेत तीन पुलिसकर्मी घायल

हरियाणा के PWD मंत्री रणबीर गंगवा की पायलट गाड़ी गुरुवार देर रात एक ट्रक से टकरा गई। हादसा हिसार-दिल्ली नेशनल हाईवे 152D पर गांव गढ़ी के पास रात लगभग 2 बजे हुआ। हादसे में सब-इंस्पेक्टर राजकुमार, कॉन्स्टेबल विजय और एसपीओ धर्मपाल घायल हो गए। इनमें से धर्मपाल की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

मंत्री रेवाड़ी से लौट रहे थे हिसार

गुरुवार को मंत्री रणबीर गंगवा रेवाड़ी में आयोजित एक बैठक में शामिल होकर अपने निवास हिसार लौट रहे थे। भिवानी में होने वाले महाराजा दक्ष प्रजापति जयंती समारोह का न्योता देने के बाद उनका काफिला रात में हाईवे से होकर गुजर रहा था। इसी दौरान एस्कॉर्ट कर रही पीसीआर वैन हादसे की शिकार हो गई।

ट्रक ने अचानक लगाए ब्रेक

गढ़ी बस स्टैंड के पास ब्रेकर पर एक ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे चल रही पुलिस की पायलट गाड़ी अचानक रुकते ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।

घायलों को हिसार किया गया रेफर

घायल SI और कॉन्स्टेबल को प्राथमिक उपचार के लिए हांसी के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें हिसार रेफर किया गया। शुक्रवार सुबह दोनों को छुट्टी दे दी गई। वहीं, एसपीओ धर्मपाल की हालत गंभीर है और उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ट्रक चालक मौके से फरार

हादसे के तुरंत बाद हांसी की सोरखी पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है और अब तक किसी भी घायल का बयान दर्ज नहीं किया गया है। फिलहाल पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है और पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच की जा रही है।

अन्य खबरें