इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन टेस्ट में कप्तान शुभमन गिल ने ऐसा धमाका किया कि पुराने रिकॉर्ड की किताबें फिर से लिखनी पड़ गईं। शुभमन ने भारत की पहली पारी में शानदार दोहरा शतक जड़कर विराट कोहली, सुनील गावस्कर और मोहम्मद अजहरुद्दीन जैसे दिग्गजों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। टेस्ट क्रिकेट में ये उनका पहला दोहरा शतक है और इसके साथ ही उन्होंने कई ऐतिहासिक मील के पत्थर भी पार किए हैं।
विदेश में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय कप्तान बने
शुभमन गिल अब विदेशी ज़मीन पर टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय कप्तान बन गए हैं। उन्होंने विराट कोहली के 2016 में वेस्टइंडीज के खिलाफ बनाए गए 200 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। कोहली ने ये पारी नॉर्थसाउंड में खेली थी, जबकि गिल ने एजबेस्टन की पिच पर अंग्रेज गेंदबाजों को धूल चटाई।
इंग्लैंड में सबसे बड़ी टेस्ट पारी खेलने वाले कप्तान भी बने
इतना ही नहीं, शुभमन गिल इंग्लैंड की धरती पर सबसे बड़ी टेस्ट पारी खेलने वाले भारतीय कप्तान भी बन गए हैं। उन्होंने मोहम्मद अजहरुद्दीन का 1990 में मैनचेस्टर में खेला गया 179 रनों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। शुभमन की इस पारी ने यह भी साफ कर दिया कि वे अब सिर्फ भविष्य नहीं, बल्कि भारतीय टेस्ट क्रिकेट का वर्तमान भी हैं।
222 रन बनाकर गावस्कर को भी पीछे छोड़ा
शुभमन गिल की पारी तब ऐतिहासिक बन गई जब उन्होंने 222वां रन पूरा किया। इसके साथ ही वो इंग्लैंड में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए। इस मुकाम तक पहुंचते ही उन्होंने सुनील गावस्कर को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने इंग्लैंड में अब तक सबसे बड़ी भारतीय पारी खेली थी।
कप्तान के तौर पर दोहरा शतक लगाने वाले सबसे युवा भारतीय
शुभमन गिल अब भारत के लिए कप्तान के तौर पर दोहरा शतक लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ियों में भी शामिल हो गए हैं। उन्होंने 25 साल और 298 दिन की उम्र में ये कारनामा किया। उनसे पहले सिर्फ मंसूर अली खान पटौदी ने 23 साल की उम्र में इंग्लैंड के खिलाफ 1964 में ये उपलब्धि हासिल की थी।

- एजबेस्टन टेस्ट की पहली पारी में शुभमन गिल ने दोहरा शतक जड़ा, जो उनका करियर का पहला डबल सेंचुरी है।
- विराट कोहली का 200 रन का विदेशी धरती पर कप्तानी में सबसे बड़ा स्कोर शुभमन ने तोड़ दिया।
- इंग्लैंड में भारतीय कप्तान की सबसे बड़ी टेस्ट पारी का अजहरुद्दीन का 179 रन का रिकॉर्ड भी टूटा।
- 222 रन बनाते ही शुभमन गिल इंग्लैंड में सबसे बड़ी टेस्ट पारी खेलने वाले भारतीय बल्लेबाज बने।
- कप्तान के रूप में दोहरा शतक लगाने वाले दूसरे सबसे युवा भारतीय बन गए हैं शुभमन गिल।

