गुरूवार, जून 4, 2026
spot_img
होमटॉप न्यूजपीएम मोदी को घाना में मिला शाही स्वागत, 21 तोपों की सलामी...

पीएम मोदी को घाना में मिला शाही स्वागत, 21 तोपों की सलामी और बच्चों ने गाया संस्कृत श्लोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी आठ दिवसीय पांच देशों की यात्रा की शुरुआत करते हुए बुधवार को अफ्रीकी देश घाना पहुंचे। राजधानी एक्रॉ के कोटोक इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर घाना के राष्ट्रपति जॉन महामा ने उनका भव्य स्वागत किया। यहां मोदी को सैन्य गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और 21 तोपों की सलामी से उनका सम्मान किया गया, जोकि किसी भी राष्ट्र प्रमुख के लिए सर्वोच्च सम्मान माना जाता है।

नेहरू और नरसिम्हा राव के बाद पहली बार कोई भारतीय पीएम घाना में

घाना की सरजमीं पर प्रधानमंत्री मोदी तीसरे भारतीय प्रधानमंत्री हैं। उनसे पहले 1957 में पंडित नेहरू और 1995 में नरसिम्हा राव घाना के दौरे पर गए थे। मोदी की यह यात्रा करीब 30 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा है, जिसे भारत-घाना रिश्तों के लिहाज से ऐतिहासिक माना जा रहा है।

भारतीय संस्कृति से जुड़ी घाना की तैयारियां, बच्चों ने किया संस्कृत श्लोक पाठ

एयरपोर्ट के नजदीक बने होटल में प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए घाना के स्कूली बच्चों ने खास तैयारी की। भारतीय पारंपरिक पोशाक पहनकर बच्चों ने संस्कृत में श्लोक याद किए और मोदी के सामने श्लोकों का पाठ भी किया। यह दृश्य भारत और घाना की सांस्कृतिक नजदीकियों की मिसाल बन गया।

डिजिटल पेमेंट से लेकर वैक्सीन हब तक, होंगे कई अहम समझौते

पीएम मोदी और राष्ट्रपति महामा के बीच द्विपक्षीय रिश्तों को मजबूत करने पर बातचीत होगी। इस दौरान एनर्जी, कृषि, डिजिटल तकनीक और हेल्थकेयर के क्षेत्र में कई समझौते होने हैं। भारत के UPI सिस्टम को घाना में लागू करने पर भी चर्चा होगी, जिससे दोनों देशों में डिजिटल लेन-देन आसान हो सकेगा। माना जा रहा है कि इससे घाना में डिजिटल इंडिया का विस्तार होगा।

BRICS समिट से पहले मोदी का अफ्रीका कनेक्शन, भारतीय समुदाय से भी करेंगे मुलाकात

घाना में रहने वाले करीब 15,000 भारतीयों को पीएम मोदी संबोधित करेंगे। इसके अलावा वे घाना की संसद को भी संबोधित करेंगे। राष्ट्रपति महामा पीएम मोदी के सम्मान में स्टेट डिनर भी देंगे। घाना के बाद पीएम मोदी त्रिनिदाद एंड टोबैगो, अर्जेंटीना, ब्राजील और नामीबिया की यात्रा पर जाएंगे। ब्राजील में वे BRICS समिट में हिस्सा लेंगे, जबकि नामीबिया और त्रिनिदाद में यह उनकी पहली आधिकारिक यात्रा होगी।

 Nationalbreaking.com । नेशनल ब्रेकिंग - सबसे सटीक
  1. पीएम मोदी घाना पहुंचे, राष्ट्रपति महामा ने एयरपोर्ट पर किया स्वागत, 21 तोपों की सलामी दी गई।
  2. घाना में बच्चों ने भारतीय वेशभूषा पहन संस्कृत में श्लोक गाकर मोदी का स्वागत किया।
  3. भारत और घाना के बीच एनर्जी, खेती, डिजिटल और वैक्सीन हब से जुड़े समझौते होंगे।
  4. भारत का UPI सिस्टम घाना में लाने पर भी दोनों देशों के बीच बातचीत होगी।
  5. मोदी घाना की संसद को संबोधित करेंगे और भारतीय समुदाय से मुलाकात करेंगे।
अन्य खबरें