डोनाल्ड ट्रंप ने न्यूयॉर्क सिटी के मेयर चुनाव में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार ज़ोहरान ममदानी पर सोशल मीडिया पर खुला हमला बोला है। उन्होंने ममदानी को ‘कम्युनिस्ट पागल’ कहकर अमेरिका में अराजकता फैलाने का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि वो उन्हें देश से बाहर निकाल सकते हैं। ट्रंप के बयान के बाद मामला और भड़क गया है।
सोशल मीडिया पर ट्रंप का उग्र बयान
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से लिखा कि वह किसी ‘कम्युनिस्ट पागल’ को न्यूयॉर्क तबाह नहीं करने देंगे। ट्रंप ने लिखा, “मेरे पास सारे लीवर और सारे कार्ड हैं। मैं न्यूयॉर्क को फिर से शानदार बनाऊंगा, जैसे मैंने अमेरिका को बनाया था।” उन्होंने नाम तो नहीं लिया, लेकिन उनका इशारा साफ तौर पर जोहरान ममदानी की ओर था।
कौन हैं ज़ोहरान ममदानी और क्यों हो रहे हैं ट्रंप के निशाने पर?
33 साल के ज़ोहरान ममदानी ने डेमोक्रेटिक मेयर प्राइमरी में एंड्रयू कुओमो को हराकर हलचल मचा दी थी। इसके बाद से ट्रंप उन पर लगातार हमलावर हैं। ट्रंप ने उन्हें अक्षम, खतरनाक और शुद्ध कम्युनिस्ट बताते हुए कहा कि उनका चेहरा भी ठीक नहीं दिखता और वो बहुत समझदार भी नहीं हैं। उनके समर्थकों ने तो ममदानी की अमेरिकी नागरिकता तक रद्द करने की मांग कर दी है।
ICE को लेकर ममदानी की नीति बनी विवाद की जड़
ममदानी ने साफ किया था कि वो न्यूयॉर्क में ICE (इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एन्फोर्समेंट) को अवैध प्रवासियों की गिरफ्तारी की इजाज़त नहीं देंगे। इस पर ट्रंप ने कहा कि अगर वो संघीय एजेंसियों को नहीं मानते, तो उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि अमेरिका में एक कम्युनिस्ट की जगह नहीं है और अगर ऐसा है भी, तो वो उसकी हर हरकत पर नज़र रखेंगे।
ममदानी ने पलटवार कर ट्रंप को बताया तानाशाह
जोहरान ममदानी ने ट्रंप के बयानों को सत्ता का दुरुपयोग बताया। उन्होंने कहा कि ट्रंप उन्हें धमकाकर चुप कराना चाहते हैं, जबकि वो डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा, “मुझे डिटेंशन सेंटर में डालने, नागरिकता छीनने और निर्वासित करने की धमकी दी गई है। ये सब इसलिए क्योंकि मैं अपने शहर में दहशत नहीं फैलाने दूंगा।”
ममदानी की पृष्ठभूमि और राजनीतिक सफर
जोहरान ममदानी भारतीय-अमेरिकी फिल्ममेकर मीरा नायर के बेटे हैं। उनका जन्म कंपाला, युगांडा में हुआ था। 2018 में उन्हें अमेरिकी नागरिकता मिली और 2021 में वो न्यूयॉर्क स्टेट असेंबली के सदस्य बने। अब डेमोक्रेटिक मेयर प्राइमरी जीतने के बाद वो नवंबर में होने वाले मेयर चुनाव में उतरेंगे। अगर वो जीतते हैं, तो वो पहले दक्षिण एशियाई मूल के न्यूयॉर्क मेयर होंगे।

- डोनाल्ड ट्रंप ने ज़ोहरान ममदानी को सोशल मीडिया पर ‘कम्युनिस्ट पागल’ बताया।
- ट्रंप ने ममदानी की गिरफ्तारी और देश से निकाले जाने की धमकी दी।
- ममदानी ने ट्रंप की धमकी को सत्ता का दुरुपयोग कहा और पलटवार किया।
- विवाद की वजह ICE को लेकर ममदानी की नीति बनी, जो अवैध गिरफ्तारी के खिलाफ है।
- ममदानी भारतीय मूल के हैं और नवंबर में न्यूयॉर्क मेयर चुनाव लड़ने जा रहे हैं।

