राजस्थान के सांचौर इलाके में चितलवाना पुलिस ने एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला का नाम भाविका चौधरी है, जो सोशल मीडिया पर ‘भंवरी’ नाम से जानी जाती है। वह रोडवेज बस में सफर करते हुए गुजरात जा रही थी, इसी दौरान सिवाड़ा चौकी पर पुलिस ने कार्रवाई कर उसे हिरासत में लिया।
150 ग्राम एमडी बरामद
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, महिला के बैग की तलाशी के दौरान 150 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई है। इससे पहले पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक महिला संदिग्ध रूप से मादक पदार्थ लेकर गुजरात की ओर जा रही है। इसी सूचना के आधार पर सिवाड़ा चौकी पुलिस ने बस को रास्ते में रोका और तलाशी शुरू की।
सोशल मीडिया पर लाखों की फैन फॉलोइंग
गिरफ्तार महिला की पहचान होने के बाद सामने आया कि वह एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर है। इंस्टाग्राम पर उसके 83 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं और वह अक्सर लाइफस्टाइल और फैशन से जुड़े पोस्ट साझा करती थी। उसका सोशल मीडिया अकाउंट पहले से ही क्षेत्र में लोकप्रियता हासिल कर चुका था।
पुलिस पूछताछ में जुटी
महिला को बस से हिरासत में लेने के बाद चितलवाना थाने लाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई को सिवाड़ा चौकी के कांस्टेबल कमलेश और लक्ष्मण ने अंजाम दिया। पुलिस को शक है कि यह मामला सिर्फ एक महिला तक सीमित नहीं है और इसके पीछे एक बड़ा नेटवर्क हो सकता है।
मामले की जांच जारी
फिलहाल पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और ड्रग्स के स्रोत से लेकर संभावित नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के बाद कई और नाम सामने आ सकते हैं, जिससे मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े एक बड़े रैकेट का खुलासा होने की संभावना है।

