बिहार की राजनीति में एक बड़ा ट्विस्ट आया है। लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने इस बार महुआ विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। राजद से दूरी बनाते हुए उन्होंने ‘टीम तेज प्रताप यादव’ नाम का एक ओपन प्लेटफॉर्म भी लॉन्च किया है। तेज प्रताप ने दावा किया कि ये कोई राजनीतिक पार्टी नहीं बल्कि युवाओं और आम लोगों को जोड़ने और काम करने का मौका देने वाला मंच होगा। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले तेज प्रताप का यह फैसला राजनीति में हलचल मचा रहा है।
तेज प्रताप ने किया राजनीतिक आत्मनिर्भरता का ऐलान
तेज प्रताप यादव ने साफ कहा है कि वो इस बार राजद के टिकट के भरोसे नहीं बैठेंगे। अगर पार्टी टिकट दे भी देती है, तब भी वह स्वतंत्र राह चुन चुके हैं। उन्होंने ऐलान किया कि वो महुआ से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर मैदान में उतरेंगे। तेज प्रताप का यह बयान ऐसे वक्त आया है जब बिहार में राजनीतिक समीकरण तेजी से बदल रहे हैं।
‘टीम तेज प्रताप यादव’ से शुरू किया नया राजनीतिक प्रयोग
तेज प्रताप ने एक नए मंच की घोषणा करते हुए बताया कि ‘टीम तेज प्रताप यादव’ कोई राजनीतिक पार्टी नहीं है, बल्कि एक ओपन प्लेटफॉर्म है जहां हर वर्ग का व्यक्ति आकर काम कर सकता है। उन्होंने कहा कि उनका मकसद है समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलना और युवाओं को राजनीति में मौका देना।
महुआ सीट से गहरा जुड़ाव, तेज प्रताप ने बताया ‘कर्मभूमि’
तेज प्रताप यादव का महुआ सीट से खास लगाव रहा है। उन्होंने कहा, “हम महुआ के लिए काम किए हैं, इसलिए चुनाव भी महुआ से ही लड़ेंगे।” उन्होंने यह भी कहा कि महुआ को जिला बनाने का वादा निभाया जाएगा और ये उनकी कर्मभूमि है। तेज प्रताप के मुताबिक, स्थानीय जनता भी चाहती है कि वो ही यहां से चुनाव लड़ें।
राजद के लिए बन सकती है नई चुनौती
तेज प्रताप का यह फैसला राजद के लिए नई चुनौती खड़ी कर सकता है। अगर पार्टी ने किसी और उम्मीदवार को टिकट दिया तो मुकाबला दिलचस्प हो जाएगा। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस कदम से तेजस्वी यादव की रणनीति पर असर पड़ सकता है और महुआ सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल सकता है।
बिहार चुनाव की तैयारी शुरू, अक्टूबर-नवंबर में मतदान संभव
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 अक्टूबर से नवंबर के बीच कराए जा सकते हैं क्योंकि मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर को खत्म हो रहा है। चुनाव आयोग ने 25 जून से मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 1 अगस्त को प्रारूप सूची आएगी और 30 सितंबर तक अंतिम सूची जारी होगी। दिवाली और छठ पूजा के मद्देनज़र चुनाव दो से तीन चरणों में हो सकते हैं।

- तेज प्रताप यादव ने एलान किया कि वह महुआ विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे।
- उन्होंने ‘टीम तेज प्रताप यादव’ नाम से ओपन प्लेटफॉर्म की शुरुआत की है।
- तेज प्रताप ने कहा, “महुआ मेरी कर्मभूमि है, हम उसे जिला बनाएंगे।”
- राजद से अलग होकर लड़ने का फैसला पार्टी के लिए नया संकट पैदा कर सकता है।
- बिहार चुनाव अक्टूबर-नवंबर 2025 के बीच संभावित हैं, तैयारी शुरू हो चुकी है।

