Monday, July 20, 2026
spot_img
Homeटॉप न्यूजपाकिस्तान में TikTok स्टार की हत्या: शादी के दबाव से परेशान थीं,...

पाकिस्तान में TikTok स्टार की हत्या: शादी के दबाव से परेशान थीं, जहरीला पदार्थ देने का आरोप

पाकिस्तान के सिंध प्रांत के घोटकी जिले में मशहूर टिकटॉक क्रिएटर सुमीरा राजपूत की शनिवार को मौत हो गई। मौत की वजह पहली नजर में संदिग्ध बताई जा रही है। 58 हजार फॉलोअर्स और लाखों लाइक्स वाली सुमीरा की पहचान एक लोकप्रिय डिजिटल क्रिएटर के रूप में थी। उनकी बेटी भी टिकटॉक पर एक्टिव है और उसके भी इतने ही फॉलोअर्स हैं।

बेटी का आरोप: शादी का दबाव बनाकर दी गई जहरीली गोली

सुमीरा की 15 साल की बेटी ने पुलिस को बताया कि कुछ लोग उसकी मां पर शादी के लिए दबाव बना रहे थे। जब सुमीरा ने इनकार किया, तो उन्हें जबरन जहरीली गोली खिलाकर मार दिया गया। बेटी के इस बयान के बाद पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है, लेकिन अभी तक कोई FIR दर्ज नहीं हुई है।

घोटकी पुलिस ने बेटी के बयान की पुष्टि की

घोटकी के जिला पुलिस अधिकारी अनवर शेख ने बेटी के बयान की पुष्टि की है। उनका कहना है कि यह मामला ऑनर किलिंग जैसा लग रहा है, हालांकि जांच पूरी होने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार किया जा रहा है।

पिछले महीने भी सोशल मीडिया स्टार सना यूसुफ की हुई थी हत्या

सिर्फ सुमीरा ही नहीं, पिछले महीने भी इस्लामाबाद में 17 साल की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सना यूसुफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोपी बेरोजगार युवक ने सना को कई बार शादी का प्रस्ताव दिया था, लेकिन हर बार मना करने पर उसने घर के अंदर घुसकर दो गोलियां मार दीं। सना की मौके पर ही मौत हो गई थी।

ऑनर किलिंग की कहानी कोई नई नहीं, कंदील बलोच भी इसी का शिकार हुई थीं

9 साल पहले पाकिस्तान की पहली सोशल मीडिया सेलिब्रिटी कंदील बलोच की भी गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। उन्हें उनके ही भाई ने मार डाला था। वजह थी – परिवार की इज्जत। कंदील के बोल्ड वीडियो और महिलाओं के हक़ में आवाज़ उठाना कट्टर सोच रखने वालों को नागवार गुजरा और उसकी कीमत उन्हें जान देकर चुकानी पड़ी।

2024 में पाकिस्तान में 547 ऑनर किलिंग की घटनाएं दर्ज

एक रिपोर्ट के मुताबिक 2024 में पाकिस्तान में 32 हजार से ज्यादा लैंगिक हिंसा के मामले सामने आए, जिनमें से 547 ऑनर किलिंग थीं। मानवाधिकार संगठन HRCP ने साफ कहा है कि पाकिस्तान के कई इलाकों में अब भी सामंती सोच और कबीलाई कानून हावी हैं, जहां लड़कियों की जिंदगी उनकी मर्जी से नहीं चलती।

 Nationalbreaking.com । नेशनल ब्रेकिंग - सबसे सटीक
  1. टिकटॉक स्टार सुमीरा राजपूत की सिंध के घोटकी जिले में संदिग्ध हालत में मौत हुई।
  2. बेटी ने बताया कि कुछ लोग शादी का दबाव बना रहे थे और मां को जहर देकर मार डाला।
  3. पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया, मगर FIR अब तक दर्ज नहीं हुई।
  4. पाकिस्तान में सोशल मीडिया स्टार्स पर बढ़ रही हिंसा, पिछले महीने भी सना यूसुफ की गोली मारकर हत्या हुई।
  5. 2024 में पाकिस्तान में 547 ऑनर किलिंग के केस दर्ज हुए, जिनमें महिलाओं को मर्जी से जीने की सजा दी गई।
अन्य खबरें