अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से 14 देशों पर एक अगस्त 2025 से लागू होने वाले नए टैरिफ का ऐलान जैसे ही सामने आया, भारतीय घरेलू बाजार में हड़कंप मच गया। मंगलवार, 8 जुलाई को कारोबारी हफ्ते के दूसरे दिन बाजार लाल निशान पर खुला। बीएसई का सेंसेक्स 90 अंकों की गिरावट के साथ खुला, वहीं एनएसई का निफ्टी 25,500 के नीचे पहुंच गया।
फार्मा सेक्टर दबाव में, कोटक बैंक चमका
बाजार में गिरावट की लहर के बीच फार्मा सेक्टर के शेयरों में दबाव देखा गया। निवेशकों ने सतर्कता दिखाते हुए जोखिम भरे सौदों से दूरी बनाई। हालांकि, इस बीच कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों में 3% की मजबूती दर्ज की गई, जिसने बाजार को आंशिक राहत दी।
अमेरिकी बाजार भी दिखा कमजोर
ट्रंप के इस टैरिफ फैसले से खुद अमेरिकी शेयर बाजार भी डगमगाए बिना नहीं रहा। डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 0.94% लुढ़का, जबकि नैस्डेक कंपोजिट 0.92% और एसएंडपी 500 इंडेक्स 0.79% नीचे आया।
एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख
एशियाई शेयर बाजारों में हालांकि मिलाजुला प्रदर्शन देखा गया। जापान का निक्केई 0.21% चढ़ा, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 1.13% गिरा, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग 0.17% ऊपर रहा।
14 देशों पर नए टैरिफ की घोषणा
डोनाल्ड ट्रंप ने जिन देशों पर टैरिफ बढ़ाने का ऐलान किया है, उनमें भारत के लिए भी संकेत साफ हैं। दक्षिण कोरिया, जापान, मलेशिया, ट्यूनीशिया और कजाकिस्तान से अमेरिका आने वाले सामान पर 25% का नया शुल्क लागू किया जाएगा। बांग्लादेश पर 35%, इंडोनेशिया 32%, थाईलैंड 36%, लाओस और म्यांमार पर 40%, जबकि दक्षिण अफ्रीका और बोस्निया से आयात होने वाले सामान पर 30% का शुल्क लगाया जाएगा।

