शनिवार, मई 2, 2026
spot_img
होमटॉप न्यूजयमुना एक्सप्रेस-वे पर कार ट्रक में घुसी, दो परिवारों के छह लोगों...

यमुना एक्सप्रेस-वे पर कार ट्रक में घुसी, दो परिवारों के छह लोगों की मौत, मरने वालों में दो सगे भाई भी शामिल

उत्तर प्रदेश के मथुरा के बलदेव थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सवेरे एक कार और ट्रक की टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसका अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया।

इस हादसे में दिल्ली से आगरा जा रहे दो परिवारों के छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें एक पिता और उसके दो बेटे भी शामिल हैं। कार में सवार बाकी सदस्य महिला और एक बच्ची — गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल इलाज के लिए आगरा रेफर किया गया है।

पुलिस ने गैस कटर से निकाले शव

 राहगीरों की सूचना पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर घायल कार के अंदर फंसे हुए थे। कार को गैस कटर से काटकर उन्हें बाहर निकाला गया। हादसे के बाद सड़क पर बिखरे शव, लहूलुहान शरीर और अंदर फंसे एक युवक की तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें वह आगे की सीट पर मृत अवस्था में पड़ा है और उसके दोनों हाथ कार के बोनट पर दिखाई दे रहे हैं।

मुरैना और आगरा के दो परिवार हादसे का शिकार

मृतकों में दो परिवारों के लोग शामिल हैं। आगरा के हरलालपुरा के रहने वाले धर्मवीर, उनके बेटे रोहित और आर्यन की मौत हो गई है। धर्मवीर की पत्नी सोनी और बेटी पायल की हालत गंभीर बनी हुई है।

दूसरा परिवार मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के बढ़पुरा हुसैन गांव का है। यहां के दो सगे भाई — दलवीर उर्फ छुल्ले और पारस तोमर की भी जान चली गई। एक अन्य शव की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर दिया है और सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

SSP ने दी शुरुआती जानकारी, झपकी बनी वजह

मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार ने हादसे के पीछे वाहन चालक को झपकी आना मुख्य कारण बताया है। शुरुआती जांच में पाया गया कि चालक की आंख लग गई थी, जिससे कार बेकाबू होकर ट्रक से जा टकराई।

कार दिल्ली से आगरा की ओर जा रही थी और उसमें कुल नौ लोग सवार थे। अब भी यह पता लगाया जा रहा है कि गाड़ी किसकी थी। पुलिस घायलों और मृतकों के परिजनों से संपर्क कर रही है।

सीएम योगी ने जताया दुख, दिए निर्देश

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों का समुचित इलाज सुनिश्चित किया जाए और पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद दी जाए।

हादसे के बाद से यमुना एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की आवाजाही कुछ समय के लिए प्रभावित रही। हालांकि, बाद में रास्ता साफ कर यातायात बहाल कर दिया गया।

अन्य खबरें