रविवार, मई 3, 2026
spot_img
होमराज्यहरियाणा में तेज बारिश का दौर जारी, 3 जुलाई तक येलो अलर्ट,...

हरियाणा में तेज बारिश का दौर जारी, 3 जुलाई तक येलो अलर्ट, अब तक 4 की मौत

हरियाणा में लगातार बदलते मौसम ने लोगों को सतर्क कर दिया है। प्रदेश के कई जिलों में रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे यातायात और जनजीवन पर असर पड़ा है। मौसम विभाग ने पूरे राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जो 3 जुलाई तक प्रभावी रहेगा।

इन जिलों में तेज बारिश की संभावना

पंचकुला, यमुनानगर, चरखी दादरी, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात, पलवल और महेंद्रगढ़ जैसे जिलों में आज तेज बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं, सुबह के समय पानीपत, झज्जर, जींद और सोनीपत में बारिश दर्ज की गई, जबकि अंबाला और करनाल में बादलों की घनी परतें देखी गईं, जिससे बारिश की संभावना बनी हुई है।

तीन दिन तक बारिश का अलर्ट

राज्य में आगामी तीन दिनों तक मौसम बिगड़ा रह सकता है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि महेंद्रगढ़, दादरी, भिवानी, हिसार, रोहतक, जींद और पंचकुला जैसे इलाकों में गरज-चमक के साथ मध्यम वर्षा हो सकती है। इसके साथ ही अचानक तेज हवाएं चलने (30-40 किमी प्रति घंटा) और बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है।

NCR में मानसून की दस्तक

हरियाणा और एनसीआर क्षेत्र में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बारिश के चलते दिन के तापमान में गिरावट आई है और वातावरण में ठंडक घुल गई है। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है, जिससे अगले कुछ दिनों में बारिश की तीव्रता और बढ़ सकती है।

तापमान में गिरावट दर्ज

सोमवार को भारी बारिश के बाद भी सिरसा राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चरखी दादरी में सर्वाधिक 45.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। बाकी जिलों में दिन का तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 23 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

मानसून बना आफत, 4 की मौत

तेज बारिश के चलते अब तक चार लोगों की जान जा चुकी है। नूंह में एक घर गिरने से एक बच्ची की मौत हो गई और तीन-चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए। कुरुक्षेत्र में मकान की छत गिरने से एक महिला की मौत हो गई और दंपती घायल हो गए। फरीदाबाद में करंट लगने से महिला की मौत हुई, जबकि एक अन्य महिला जख्मी हुई है। वहीं पंचकूला में नाले में बहकर एक बच्ची की जान चली गई।

येलो अलर्ट के साथ सावधानी जरूरी

भारतीय मौसम विभाग ने चेताया है कि जुलाई के पहले सप्ताह में हरियाणा और एनसीआर क्षेत्र में मानसून ट्रफ सक्रिय रहेगी। 3 जुलाई तक पश्चिमी विक्षोभ की वजह से भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी, जिससे आमजन को सतर्क रहने की आवश्यकता है। स्कूलों के खुलते ही मौसम ने परेशानियों को और बढ़ा दिया है।

अन्य खबरें