हरियाणा में सोमवार को पूरे राज्य में जोरदार बारिश हुई, और मंगलवार को भी मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है। करनाल, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, अंबाला और पंचकुला जैसे इलाकों में मेघगर्जन के साथ आकाशीय बिजली, तेज हवाएं (30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार) और मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
तापमान में आई गिरावट
गर्मी से बेहाल जनता को फिलहाल राहत जरूर मिली है, लेकिन उमस ने अब परेशानी बढ़ा दी है। सोमवार को हरियाणा के सिरसा जिले में पारा 41.6 डिग्री तक गया, जो सबसे ज्यादा था। वहीं हिसार में 38.3 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। लेकिन अच्छी बात ये रही कि बारिश के चलते पूरे राज्य में तापमान में करीब दो डिग्री तक की गिरावट आई।
मौसम विभाग का कहना है कि 28 जून तक राज्य में मॉनसून के पूरी तरह से सक्रिय होने की उम्मीद है, जिससे तापमान में और गिरावट आ सकती है।
हिसार और पानीपत में जलभराव
हिसार में सोमवार को काफी तेज बारिश हुई। कुछ देर में ही शहर की कई सड़कें पानी में डूब गईं। पानीपत, फतेहाबाद, नारनौल, नूंह, गुरुग्राम, झज्जर, भिवानी और रेवाड़ी में भी इसी तरह की स्थिति रही। कई घरों में पानी घुस गया, गलियों से लेकर मुख्य सड़कों तक हर जगह पानी ही पानी दिखा।
कुछ इलाकों में लोग अपने घरों से बाहर निकलने से बचते दिखे, तो कई जगह लोगों को जलजमाव के बीच अपने वाहन खुद धक्का लगाकर निकालते हुए देखा गया।
रेवाड़ी में मंदिर तक में पानी घुसा
रेवाड़ी शहर की बात करें तो हाल कुछ ज्यादा ही खराब रहा। नई आबादी, रेलवे रोड, सर्कुलर रोड, कालका रोड, दिल्ली रोड और सिविल हॉस्पिटल जैसे इलाके पूरी तरह जलमग्न हो गए। सेक्टर 3, गोकल बाजार और बस स्टैंड के पास तक लोगों को गुटनों तक पानी में चलना पड़ा। बड़ा तालाब स्थित हनुमान मंदिर में बारिश का पानी सीधे मंदिर के गर्भगृह तक पहुंच गया। प्रतिमा का निचला हिस्सा पानी में डूब गया। मंदिर ट्रस्ट ने पंप की मदद से पानी बाहर निकालने की कोशिश की।
प्रशासन पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों ने साफ कहा कि ये बारिश कोई पहली बार नहीं हुई, लेकिन हर साल यही हाल रहता है। सड़कों पर पानी, गड्ढों में फंसी गाड़ियां, और हर तरफ लापरवाही। कई इलाकों में ट्रैफिक घंटों तक जाम रहा। शहर के सर्कुलर रोड पर तो डेढ़ फीट तक पानी भर गया था, और बाइक से लेकर कार तक—कई वाहन बीच रास्ते में बंद हो गए।
बारिश से राहत तो मिली, लेकिन जलनिकासी व्यवस्था की पोल भी खुल गई। आने वाले दिनों में अगर इसी तरह बारिश होती रही, तो हालात और बिगड़ सकते हैं। मौसम विभाग ने फिलहाल पूरे राज्य के लिए सतर्कता बनाए रखने की सलाह दी है।

