Tuesday, July 21, 2026
spot_img
Homeटॉप न्यूजजुलाई में देशभर में भारी बारिश का अलर्ट, हिमाचल में बादल फटा,...

जुलाई में देशभर में भारी बारिश का अलर्ट, हिमाचल में बादल फटा, एक की मौत

देश के अधिकांश हिस्सों में जुलाई में सामान्य से अधिक वर्षा होने के आसार हैं। खास तौर पर मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड और हरियाणा को बाढ़ के खतरे को लेकर सतर्क रहने को कहा गया है। विभाग के मुताबिक मानसून इस बार अपेक्षा से अधिक सक्रिय है, जिससे कई राज्यों में जलभराव, नदी उफान और भूस्खलन जैसी स्थितियाँ बन सकती हैं।

राजस्थान में 136% अधिक बरसात

राजस्थान में मानसून ने अब तक रिकॉर्ड तोड़ बारिश दी है। सामान्य औसत 50.7 मिमी की तुलना में 1 जून से 29 जून के बीच 119.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य से 136% अधिक है। मौसम विभाग ने राज्य के 29 जिलों में आज फिर बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 2 जुलाई से एक नया सिस्टम सक्रिय हो रहा है, जिससे पूरे राजस्थान में और अधिक बारिश की संभावना जताई गई है।

हिमाचल के मंडी में बादल फटने से तबाही

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सोमवार रात चार जगहों पर बादल फटने की घटना हुई, जिससे बाढ़ और लैंडस्लाइड जैसी स्थिति बन गई है। अब तक एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 13 से ज्यादा लोग फंसे हुए हैं। कुछ लोग लापता भी बताए जा रहे हैं। ब्यास नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है और आसपास के इलाकों में लगातार भूस्खलन की खबरें आ रही हैं। स्थिति को देखते हुए मंडी के डीसी ने जिले के सभी स्कूल-कॉलेजों को मंगलवार के लिए बंद रखने का आदेश दिया है।

दिल्ली-NCR और पंजाब-हरियाणा में भी तेज बारिश

राजधानी दिल्ली और NCR क्षेत्र में रविवार रात से सोमवार सुबह तक रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ। चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में भी अच्छी बारिश हुई है। चंडीगढ़ में 24 घंटे में 50 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। पंजाब में हिमाचल से सटे 9 जिलों में आज यलो अलर्ट जारी किया गया है। जून महीने में पंजाब में औसतन 54.5 मिमी बारिश होती है, लेकिन इस बार 69.9 मिमी दर्ज की गई, जो सामान्य से 28% अधिक है।

मध्य प्रदेश में 8 इंच तक बारिश का पूर्वानुमान

मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में अगले 24 घंटों के भीतर भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, भोपाल, जबलपुर, नर्मदापुरम, सागर, चंबल और ग्वालियर संभाग में 2.5 से 8 इंच तक बारिश हो सकती है। इंदौर और उज्जैन संभागों में हल्की बारिश का अनुमान है। इस चेतावनी को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है।

हरियाणा में स्कूल खुले, पर बारिश बरकरार

हरियाणा में एक महीने बाद स्कूल तो खुले हैं, लेकिन बारिश ने फिर से दस्तक दे दी है। आज सुबह पानीपत, झज्जर, सोनीपत और जींद में बारिश हुई, जबकि अंबाला और करनाल में घने बादल छाए हुए हैं। यहां भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।

अन्य खबरें