तेलंगाना के संगारेड्डी ज़िले में सोमवार सुबह एक दवा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में मृतकों की संख्या बढ़कर 34 हो गई है। अब तक 31 शव फैक्ट्री परिसर से निकाले जा चुके हैं, जबकि इलाज के दौरान अस्पताल में 3 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में 30 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस अधीक्षक परितोष पंकज ने मीडिया को यह जानकारी दी।
धमाका संगारेड्डी जिले के पाशमिलारम इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित सिगाची इंडस्ट्रीज की रिएक्टर यूनिट में सुबह 8:15 से 9:30 के बीच हुआ। उस समय फैक्ट्री में दर्जनों मजदूर काम पर लगे हुए थे।
सौ मीटर दूर तक गिरे शरीर के टुकड़े
एक मजदूर ने बताया कि वह जैसे ही घर पहुंचा, तभी धमाके की खबर आई। फैक्ट्री में काम करने वालों के मोबाइल जमा करा लिए जाते हैं, इसलिए अंदर मौजूद लोगों की जानकारी तुरंत नहीं मिल पाई। एक महिला परिजन ने बताया कि उनके परिवार के चार सदस्य फैक्ट्री में काम करते हैं — बेटा, दामाद, जेठ और देवर। उनमें से तीन सुबह की शिफ्ट में ड्यूटी पर थे। धमाका इतना जबरदस्त था कि कई मजदूरों के शरीर 100 मीटर तक उछलकर गिरे। रिएक्टर यूनिट पूरी तरह ध्वस्त हो गई।
पीएम ने जताया शोक, की आर्थिक मदद की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दर्दनाक हादसे पर X (पूर्व में ट्विटर) पर शोक जताते हुए लिखा कि वह पीड़ित परिवारों के साथ हैं। पीएम नेशनल रिलीफ फंड से मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख और घायलों को ₹50 हजार की सहायता राशि देने की घोषणा की गई है।
उप्र, बिहार और ओडिशा से थे मजदूर
कंपनी के एक कर्मचारी ने बताया कि फैक्ट्री में मुख्यतः उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओडिशा, बिहार और पश्चिम बंगाल से आए मजदूर काम करते हैं। एक शिफ्ट में लगभग 60 मजदूर और 40 अन्य कर्मचारी होते हैं। हादसे के समय सुबह की शिफ्ट चालू थी।
सिगाची इंडस्ट्रीज: 65 देशों में एक्सपोर्ट
सिगाची इंडस्ट्रीज वर्ष 1989 से माइक्रोक्रिस्टलाइन सेलुलोज (MCC) का निर्माण करती है। यह एक सफेद, गंधहीन और स्वादहीन पाउडर होता है, जिसका इस्तेमाल दवा और कॉस्मेटिक उत्पादों में किया जाता है। इसके उत्पाद 65 से ज्यादा देशों में निर्यात होते हैं।

