तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में एक केमिकल फैक्ट्री में सोमवर सुबह हुए जोरदार विस्फोट से इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे में अब तक 10 मजदूरों की जान जा चुकी है, जबकि 15 से 20 अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। विस्फोट के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
सिगाची इंडस्ट्री में हुआ हादसा
घटना पाशमिलारम इंडस्ट्रियल एरिया स्थित सिगाची इंडस्ट्रीज की बताई जा रही है, जहां एक रिएक्टर में सुबह करीब 7 बजे अचानक धमाका हुआ। फैक्ट्री में कार्यरत मजदूरों ने बताया कि विस्फोट इतना तेज था कि कुछ लोग मौके पर ही झुलस गए, जबकि कई घायल अवस्था में बाहर की ओर दौड़ते दिखे।
मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों और रेस्क्यू टीमों के मुताबिक, फैक्ट्री के अंदर अभी भी कुछ मजदूरों के फंसे होने की आशंका है। राहत और बचाव कार्य जारी है और मौके पर दमकल व मेडिकल टीमें मौजूद हैं।
फैक्ट्री प्रशासन और जिला प्रशासन की ओर से विस्फोट के कारण की पुष्टि अभी नहीं की गई है। जांच एजेंसियां घटनास्थल पर मौजूद हैं और तकनीकी टीमों को रिएक्टर यूनिट की स्थिति का विश्लेषण करने के लिए लगाया गया है।

