Tuesday, July 21, 2026
spot_img
Homeदेशपानीपत की सोसाइटी में युवक का शव मिला, परिजनों ने हत्या का...

पानीपत की सोसाइटी में युवक का शव मिला, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप, पुलिस जांच में जुटी

हरियाणा के पानीपत में एक पॉश रिहायशी सोसाइटी से युवक की संदिग्ध हालात में लाश बरामद हुई। मृतक का शव खून से लथपथ हालत में मकान के पास मिला, जिसे देखकर लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कंट्रोल रूम 112 पर कॉल के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान शामली निवासी आशीष के रूप में हुई है, जो हाल ही में सोसाइटी के एक निर्माणाधीन मकान में मजदूरी कर रहा था और वहीं ठहरा हुआ था।

परिजनों ने जताया हत्या का शक

मृतक के परिवारवालों को जैसे ही हादसे की जानकारी मिली, वे तुरंत मौके पर पहुंचे। शव की हालत देखकर उनका कहना है कि आशीष की मौत हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है। परिवार के अनुसार, उसे पहले शराब पिलाई गई और फिर किसी ने छत से नीचे फेंका। सिर पर गहरी चोट और शरीर से बहता खून, इस पूरे मामले को और भी संदिग्ध बना रहा है।

 एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत

प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि आशीष की मौत रात को सोते समय छत से गिरने के कारण हुई हो सकती है। हालांकि, परिजनों के आरोपों और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को मौके पर बुलाया। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है।

शव को भिजवाया गया सिविल अस्पताल

पुलिस कार्रवाई के बाद शव को श्री महाकाल जनसेवा दल के फाउंडर कपिल मल्होत्रा की एम्बुलेंस से सिविल अस्पताल भिजवाया गया। वहां पंचनामा भरने के बाद मोर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मजदूरी करता था मृतक आशीष

24 वर्षीय आशीष मूल रूप से यूपी के शामली जिले के कैराना का निवासी था। हाल ही में वह पानीपत की टीडीआई फरीदपुर कॉलोनी में एक निर्माणाधीन साइट पर काम कर रहा था। वहीं पर वह रात को रुका हुआ था। परिजनों का आरोप है कि जिस जगह वह ठहरा था, वहां किसी ने रात में उसे शराब पिलाकर छत से फेंका, जिससे उसकी मौत हुई।

अन्य खबरें