देश के करोड़ों आम नागरिकों के लिए जुलाई की शुरुआत कुछ बड़े बदलावों के साथ हुई है। रेल सफर से लेकर ऑनलाइन पेमेंट और सरकारी दस्तावेजों तक, कई ऐसे नियम बदल गए हैं जिनका सीधा असर रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ेगा। यहां जानिए उन 6 अहम बदलावों के बारे में, जो आपके लिए जानना ज़रूरी है।
रेल टिकट अब हुआ महंगा
अगर आप लंबी दूरी की यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो अब आपको जेब थोड़ा ज्यादा ढीली करनी होगी। रेलवे ने मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों के किराए में मामूली बढ़ोतरी की है। नॉन-एसी क्लास में 1 पैसा प्रति किलोमीटर और एसी क्लास में 2 पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी की गई है। यानी 1000 किमी की यात्रा पर एसी में ₹20 ज्यादा चुकाने होंगे।
तत्काल टिकट बुकिंग में आधार लिंक जरूरी
अब तत्काल टिकट बुक करने के लिए आपका IRCTC अकाउंट आधार से वेरिफाइड होना ज़रूरी है। विंडो खुलने के पहले 10 मिनट तक केवल वही यूजर्स टिकट बुक कर सकेंगे जिनका अकाउंट आधार से लिंक है। इससे बॉट्स और टिकट दलालों को रोका जा सकेगा। वेरिफाइड यूजर्स को OTP वेरिफिकेशन के बाद ही बुकिंग की अनुमति मिलेगी।
बिना आधार अब नहीं बनेगा पैन कार्ड
सरकार ने पैन कार्ड से जुड़े नियमों में बदलाव कर दिया है। 1 जुलाई 2025 से पैन कार्ड के लिए आवेदन करने के लिए आधार कार्ड अनिवार्य कर दिया गया है। जिनके पास आधार नहीं है, वे अब पैन कार्ड नहीं बनवा सकेंगे।
अब UPI पर दिखेगा असली रिसीवर का नाम
UPI से पेमेंट करने वालों के लिए एक राहत भरा नियम लागू हुआ है। अब किसी को पैसा भेजने पर आपको सिर्फ उस व्यक्ति का असली बैंकिंग नाम ही दिखेगा। QR कोड से जुड़े एडिटेड नाम अब नहीं दिखेंगे। इससे फ्रॉड और गलत खाते में पैसे ट्रांसफर होने की घटनाओं पर रोक लगेगी।
MG की कारें हुईं महंगी
यदि आप MG ब्रांड की कार खरीदने का मन बना रहे हैं, तो अब बजट थोड़ा और बढ़ाना होगा। JSW-MG मोटर इंडिया ने अपने सभी मॉडल्स की कीमतों में औसतन 1.5% तक बढ़ोतरी की है। अलग-अलग मॉडलों पर यह बढ़ोतरी अलग स्तर पर लागू की गई है।
कॉमर्शियल गैस सिलेंडर हुआ सस्ता
महंगाई के बीच राहत की खबर कॉमर्शियल गैस उपभोक्ताओं के लिए है। आज से 19 किलो वाला कॉमर्शियल गैस सिलेंडर ₹58.50 तक सस्ता हो गया है। दिल्ली में इसकी नई कीमत ₹1665 और मुंबई में ₹1616.50 हो गई है। यह कटौती होटल, ढाबा और छोटे व्यापारियों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।

