MG Motor ने भारतीय बाजार में अपनी शानदार लग्ज़री इलेक्ट्रिक एमपीवी MG M9 को लॉन्च कर दिया है। सिंगल चार्ज में 548 किलोमीटर की रेंज देने वाली ये कार कई प्रीमियम फीचर्स और जबरदस्त कम्फर्ट के साथ आई है। इसकी शुरुआती कीमत 69.90 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है और ये कार सिर्फ एक ही वेरिएंट में मिलेगी। कंपनी ने इसकी बुकिंग शुरू कर दी है और डिलीवरी 10 अगस्त से शुरू करने की योजना है। सेकंड रो की प्रेसिडेंशियल सीट्स, 13-स्पीकर JBL सिस्टम और 90kWh की बैटरी इसे मार्केट में अलग पहचान देती हैं।
लॉन्च होते ही मचाया तहलका
MG Motor ने MG M9 को लग्ज़री और हाई-टेक फीचर्स के साथ भारत में उतारा है। यह कार किआ कर्निवाल और टोयोटा वेलफायर जैसी प्रीमियम MPVs को टक्कर देने वाली है। इसकी लंबाई 5 मीटर से ज्यादा है और इसमें स्लाइडिंग डोर्स के साथ 7-सीटर लेआउट है। सेकंड रो में कैप्टन सीट्स दी गई हैं, जो मसाज, हीटिंग और वेंटिलेशन के साथ आती हैं। इसके अलावा इसमें पर्सनल स्क्रीन, डुअल सनरूफ और क्लाइमेट कंट्रोल जैसी सुविधाएं भी मौजूद हैं।

548KM की रेंज और 90kWh बैटरी पैक
MG M9 में 90kWh की बड़ी बैटरी दी गई है जो 548 किलोमीटर की रेंज देती है। इसे तीन ड्राइविंग मोड्स—इको, नॉर्मल और स्पोर्ट में चलाया जा सकता है। 160kW के DC चार्जर से इसकी बैटरी को सिर्फ 90 मिनट में चार्ज किया जा सकता है जबकि 11kW AC फास्ट चार्जर से इसे फुल चार्ज होने में 9.5 घंटे लगते हैं।
केबिन में लाउंज जैसा आराम
MG M9 का इंटीरियर वाकई किसी लाउंज से कम नहीं लगता। सेकंड रो की प्रेसिडेंशियल सीट को 16 तरह से एडजस्ट किया जा सकता है। इनमें लंबर सपोर्ट, मसाज फंक्शन, हीटिंग और वेंटिलेशन दिया गया है। इसके अलावा JBL साउंड सिस्टम, वायरलेस चार्जिंग, Android Auto/Apple CarPlay, 3-जोन क्लाइमेट कंट्रोल जैसी सुविधाएं भी मौजूद हैं।

सेफ्टी में भी आगे
MG M9 में 7 एयरबैग, ADAS लेवल 2, ESP, 360-डिग्री कैमरा और TPMS जैसे सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं। भारत में इसका क्रैश टेस्ट नहीं हुआ है, लेकिन इसके ग्लोबल मॉडल को यूरो NCAP से 5-स्टार रेटिंग मिल चुकी है। थर्ड रो की सीटें फोल्ड करने पर इसमें 1,720 लीटर का बूट स्पेस मिल जाता है। इसके अलावा 55 लीटर का फ्रंट बोनट स्टोरेज स्पेस भी है, जो सेग्मेंट में पहली बार देखने को मिला है।

- MG Motor ने भारत में अपनी नई इलेक्ट्रिक लग्ज़री MPV MG M9 को लॉन्च किया, जिसकी कीमत 69.90 लाख रुपये है।
- यह कार सिंगल चार्ज में 548KM तक चल सकती है और इसमें 90kWh की बड़ी बैटरी दी गई है।
- सेकंड रो की प्रेसिडेंशियल सीट्स में मसाज, वेंटिलेशन और हीटिंग जैसे हाई-एंड फीचर्स मिलते हैं।
- इसमें 13-स्पीकर JBL साउंड सिस्टम, वायरलेस चार्जिंग, डुअल सनरूफ और 360 डिग्री कैमरा जैसी सुविधाएं दी गई हैं।
- इसकी डिलीवरी 10 अगस्त से शुरू होगी और बुकिंग के लिए 1 लाख रुपये जमा करने होंगे।

