Homeटॉप न्यूज'अगर आप सच्चे भारतीय होते…' सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी को लगाई...

‘अगर आप सच्चे भारतीय होते…’ सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी को लगाई फटकार, पूछा- चीन ने जमीन कैसे हड़प ली ये आपको कैसे पता?

राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान भारतीय सेना पर टिप्पणी को लेकर खुद पर चले मानहानि के केस को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। कोर्ट ने सुनवाई में राहुल से तीखे सवाल पूछे कि उन्हें कैसे पता चला कि चीन ने 2000 वर्ग किमी जमीन कब्जा ली है। जस्टिस दीपांकर दत्ता और एजी मसीह की बेंच ने कहा कि अगर वो सच्चे भारतीय होते तो ऐसा बयान नहीं देते। कोर्ट ने पूछा कि क्या उनके पास कोई सबूत है? साथ ही राहुल गांधी के सोशल मीडिया बयानों पर भी सवाल उठाए और कहा कि ऐसे मुद्दे संसद में उठाए जाने चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने निचली अदालत की कार्यवाही पर फिलहाल रोक लगा दी है और उत्तर प्रदेश सरकार व शिकायतकर्ता को नोटिस जारी कर दिया है।

राहुल गांधी पर कोर्ट की तल्ख टिप्पणी

सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए तीखी टिप्पणी की। कोर्ट ने पूछा, “आपको कैसे मालूम कि चीन ने 2000 वर्ग किलोमीटर भारतीय जमीन पर कब्जा कर लिया है?” जस्टिस दीपांकर दत्ता ने कहा, “अगर आप सच्चे भारतीय होते तो ऐसा नहीं कहते।” कोर्ट ने ये सवाल भी उठाया कि राहुल गांधी के पास इसका क्या सबूत है और उन्होंने ये बयान संसद में क्यों नहीं दिया।

सोशल मीडिया पर बयान को लेकर सवाल

राहुल गांधी की तरफ से पेश हुए वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि विपक्षी नेता होने के नाते उन्हें सवाल उठाने का हक है। इस पर कोर्ट ने पूछा कि जब संसद मौजूद है तो सोशल मीडिया पर बयान क्यों दिया गया? कोर्ट ने साफ कहा कि बिना सबूत ऐसे बयान देना गलत है और इससे राष्ट्रीय हितों को नुकसान पहुंच सकता है।

भारत जोड़ो यात्रा में दिया था विवादित बयान

2023 की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने दावा किया था कि उन्हें एक पूर्व सैन्य अधिकारी ने बताया कि चीन ने 2,000 वर्ग किमी भारतीय जमीन पर कब्जा कर लिया है। उनके इस बयान को लेकर विवाद खड़ा हुआ था और उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कर दिया गया।

सुप्रीम कोर्ट ने कार्यवाही पर लगाई रोक

सुनवाई के दौरान राहुल गांधी की तरफ से कहा गया कि इस मामले में उन्हें प्राकृतिक न्याय नहीं मिला। कोर्ट ने फिलहाल निचली अदालत में चल रही मानहानि की कार्यवाही पर रोक लगा दी है और उत्तर प्रदेश सरकार व शिकायतकर्ता को नोटिस जारी कर दिया है। अगली सुनवाई तीन हफ्ते बाद होगी।

हाई कोर्ट में दलीलों को लेकर मानी चूक

अभिषेक मनु सिंघवी ने यह भी स्वीकार किया कि हाई कोर्ट में कुछ अहम बिंदु उठाने से चूक हुई। वहां बहस मुख्य रूप से अधिकार क्षेत्र पर केंद्रित थी, न कि इस बात पर कि क्या शिकायतकर्ता वाकई ‘अपमानित व्यक्ति’ हैं या नहीं। सुप्रीम कोर्ट ने इस तर्क को गंभीरता से लिया और इस पर विचार करने का आश्वासन दिया।

 Nationalbreaking.com । नेशनल ब्रेकिंग - सबसे सटीक
  1. सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी से पूछा – चीन ने जमीन कब्जा ली, ये आपको कैसे पता चला?
  2. कोर्ट ने कहा – अगर आप सच्चे भारतीय होते तो ऐसा बयान नहीं देते।
  3. राहुल गांधी की तरफ से दलील – विपक्ष में रहकर सवाल पूछना उनका अधिकार है।
  4. कोर्ट ने निचली अदालत की मानहानि कार्यवाही पर रोक लगाई।
  5. यूपी सरकार और शिकायतकर्ता को सुप्रीम कोर्ट ने नोटिस जारी किया।
अन्य खबरें