झारखंड के कद्दावर आदिवासी नेता और झामुमो के संरक्षक शिबू सोरेन का 81 साल की उम्र में दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में निधन हो गया। शिबू सोरेन को ‘दिशोम गुरु’ के नाम से भी जाना जाता था। उनके निधन से न सिर्फ झारखंड बल्कि पूरे देश की सियासत और आदिवासी समाज में शोक की लहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देने गंगाराम अस्पताल पहुंचकर उनके पार्थिव शरीर के दर्शन किए और भावुक हेमंत सोरेन को ढांढस बंधाया। इस दौरान की तस्वीरों में प्रधानमंत्री हेमंत सोरेन का हाथ थामे हुए नजर आए। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अन्य राजनीतिक दलों ने भी शोक जताते हुए उन्हें एक महान जननायक बताया। शिबू सोरेन का अंतिम संस्कार मंगलवार को उनके पैतृक गांव नेमरा (रामगढ़) में किया जाएगा।
PM Modi ने गंगाराम अस्पताल पहुंचकर किए अंतिम दर्शन
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन की खबर के बाद देशभर में शोक की लहर दौड़ गई। सोमवार सुबह उन्होंने दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में आखिरी सांस ली। खबर मिलते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अस्पताल पहुंचे और पार्थिव शरीर के सामने सिर झुकाकर श्रद्धांजलि दी।
हेमंत सोरेन को दिलासा देते नजर आए पीएम मोदी
पीएम मोदी जब अस्पताल पहुंचे, तो हेमंत सोरेन पूरी तरह से टूटे हुए नजर आए। इस दौरान प्रधानमंत्री ने उनके कंधे पर हाथ रखकर उन्हें दिलासा दिया। अस्पताल से आई तस्वीरों में हेमंत हाथ जोड़े खड़े हैं और पीएम उनके करीब खड़े होकर हौसला बढ़ा रहे हैं।
भावुक संदेश में बोले हेमंत — ‘मैं शून्य हो गया हूं’
शिबू सोरेन के बेटे और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर एक इमोशनल मैसेज में लिखा, “आदरणीय दिशोम गुरुजी हम सबको छोड़कर चले गए हैं। आज मैं शून्य हो गया हूं।”
राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने जताया दुख
शिबू सोरेन के निधन पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे समेत तमाम राजनीतिक दलों के नेताओं ने दुख जताया है। राहुल गांधी ने कहा, “शिबू सोरेन आदिवासी समाज की मजबूत आवाज़ थे, जिन्होंने जीवनभर उनके अधिकारों के लिए संघर्ष किया।”
मंगलवार को रांची में होगा अंतिम संस्कार
झामुमो प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने जानकारी दी कि शिबू सोरेन का पार्थिव सोमवार शाम रांची लाया जाएगा और मंगलवार सुबह उनके पैतृक गांव नेमरा में अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम संस्कार में कई बड़े नेता शामिल होंगे।

- झामुमो संरक्षक और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में सोमवार सुबह निधन हो गया।
- पीएम मोदी ने अस्पताल पहुंचकर पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि दी और शोक में डूबे हेमंत सोरेन का हाथ थामकर दिलासा दिया।
- हेमंत सोरेन ने कहा कि आज वह खुद को पूरी तरह खाली महसूस कर रहे हैं और यह उनके लिए निजी क्षति है।
- राहुल गांधी ने भी शिबू सोरेन को आदिवासी समाज की मजबूत आवाज बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
- मंगलवार को शिबू सोरेन का अंतिम संस्कार रांची के पास उनके पैतृक गांव नेमरा में किया जाएगा।

