शनिवार, मई 2, 2026
spot_img
होमराजस्थानआरसीए की कार्यकारिणी भंग, बिहाणी को हटाया, डीडी कुमावत बने संयोजक, तीन...

आरसीए की कार्यकारिणी भंग, बिहाणी को हटाया, डीडी कुमावत बने संयोजक, तीन महीने में होंगे चुनाव

राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) की मौजूदा कार्यकारिणी को भंग कर दिया गया है। 28 मार्च 2024 को नियुक्त की गई इस कार्यकारिणी की वैधता 27 जून तक ही थी, लेकिन नियत समय में चुनाव न हो पाने के कारण राज्य सरकार ने हस्तक्षेप करते हुए नई तदर्थ समिति का गठन किया है। आदेश सहकारी समितियों की रजिस्ट्रार मंजू राजपाल की ओर से जारी किया गया।

दीनदयाल कुमावत बने संयोजक

नई कार्यकारिणी में सवाईमाधोपुर क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष दीनदयाल कुमावत को संयोजक बनाया गया है। जोधपुर के धनंजय सिंह खींवसर, सीकर के आशीष तिवाड़ी, अलवर के मोहित यादव और प्रतापगढ़ के पिकेंश कुमार जैन को सदस्य नियुक्त किया गया है।

ध्यान देने वाली बात है कि पूर्व संयोजक जयदीप बिहाणी की समिति को हटाया गया है, जबकि धनंजय सिंह को नए बोर्ड में भी जगह दी गई है।

तीन महीने में होंगे चुनाव

नई कार्यकारिणी को तीन महीने के भीतर RCA के चुनाव कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आदेश राजस्थान क्रीड़ा अधिनियम, 2005 की धारा 24(1) के तहत जारी हुआ है। रजिस्ट्रार की ओर से साफ निर्देश है कि उपनियमों के तहत कार्यकारिणी का गठन तय समय में किया जाए, जिससे क्रिकेट संचालन में पारदर्शिता बनी रहे।

अन्य खबरें