हरियाणा के रोहतक का कुख्यात अपराधी संदीप लोहार रविवार देर रात उत्तर प्रदेश के बागपत में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। उत्तर प्रदेश STF और बागपत पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह मुठभेड़ मवीकलां के यमुना पुश्ते पर हुई। पुलिस के अनुसार संदीप को सीने और पैर में गोली लगी थी। उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मुठभेड़ में STF का जवान सुनील कुमार भी घायल हुआ है, जिसका इलाज जारी है।
1 लाख का इनामी, 15 केस दर्ज
संदीप लोहार हरियाणा और उत्तर प्रदेश में हत्या, लूट और अपहरण जैसे 15 गंभीर मामलों में वांछित था। उसके खिलाफ हरियाणा के विभिन्न जिलों में 14 और यूपी के कानपुर में एक मुकदमा दर्ज था। खासकर ट्रक ड्राइवरों को बेहद बेरहमी से मारने के चलते पुलिस उसे “साइको किलर” कहती थी। उस पर हरियाणा सरकार ने ₹1 लाख का इनाम घोषित कर रखा था।
कानपुर में लूटी थी 4 करोड़ की निकिल प्लेट
15 मई 2025 की रात संदीप ने अपने गैंग के साथ कानपुर में एक ट्रक से ₹4 करोड़ की निकिल प्लेट लूट ली थी। इस दौरान ट्रक चालक की हत्या कर दी गई थी। यही मामला संदीप के लिए निर्णायक साबित हुआ। इस वारदात के बाद यूपी STF और बागपत पुलिस उसकी तलाश में जुट गई थी। रविवार शाम उसके मवीकलां में छिपे होने की सूचना पर पुलिस टीम पहुंची और मुठभेड़ में उसे मार गिराया।
घटनास्थल से हथियार और बाइक बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल, बाइक और कारतूस जब्त किए। संदीप के पास से जो हथियार मिला, वह उसकी पुरानी वारदातों से भी जुड़ा माना जा रहा है। STF का कहना है कि संदीप लगातार लोकेशन बदल रहा था और ट्रक चालकों को टारगेट करता था।
2012 से शुरू हुआ था आपराधिक सफर
संदीप लोहार का अपराध की दुनिया में कदम 2012 में पड़ा, जब उसने ट्रक में लदे सामान को बेचकर फर्जी दस्तावेज बनाए। इसके बाद उसका आपराधिक ग्राफ तेजी से बढ़ा। 2013 में हिसार से एक ट्रक लूटने के बाद ड्राइवर की हत्या कर दी। शव जींद के पास मिला। 2014 में गुरुग्राम, 2015 में रोहतक और 2016 में हिसार में लूट और हत्या की वारदातें कीं।
2025 की कानपुर लूट बन गई अंतिम वारदात
2021 और 2023 में भी उस पर मारपीट और चोरी के केस दर्ज हुए। लेकिन 2025 की कानपुर लूट ने उसे सीधे पुलिस के टारगेट पर ला खड़ा किया। इसके बाद उत्तर प्रदेश की STF और हरियाणा पुलिस लगातार उसके पीछे लगी रही और आखिरकार रविवार को उसका खूनी सफर खत्म हो गया।

